CG News: कोंडागांव की रमशीला कश्यप ने आजीविका मिशन से पाई आत्मनिर्भरता, किराना दुकान से कमा रहीं 25 हजार मासिक आय
CG News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के दूरस्थ ग्राम कुधुर की निवासी रमशीला कश्यप ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। कभी माओवाद प्रभावित रहा यह क्षेत्र अब विकास की ओर बढ़ रहा है।

सफलता की कहानी
वर्ष 2018 में ‘जय मां दंतेश्वरी’ स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद रमशीला ने 50 हजार रुपये की सहायता से गांव में किराना दुकान शुरू की। इससे पहले ग्रामीणों को जरूरत के सामान के लिए 20 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, रमशीला कश्यप अब गांव की अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनकी सफलता आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
25 हजार रुपये मासिक आय
आज उनकी यह छोटी पहल एक सफल व्यवसाय बन चुकी है, जिससे वे हर महीने लगभग 20 से 25 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी बड़ा सुधार हुआ है, रमशीला की दुकान ने गांव के लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा कर बड़ी राहत दी है। अब ग्रामीणों को आवश्यक वस्तुएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं।
