CG News: छत्तीसगढ़ में पेसा-एफआरए समन्वय के लिए टास्क फोर्स का गठन होगा, कॉमन्स नीति पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू
CG News: नवा रायपुर स्थित ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में दो दिवसीय “छत्तीसगढ़ कॉमन्स कन्विनिंग” कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम जनजातीय विकास विभाग के सहयोग से “प्रॉमिस ऑफ कॉमन्स” पहल के तहत आयोजित किया गया है।
टास्क फोर्स गठन की तैयारी
आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पेसा (PESA) और एफआरए (FRA) के समन्वय के लिए जल्द ही टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा, जिससे नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा सके।
कॉमन्स की नीति निर्माण में भूमिका
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने कहा कि जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और पर्यावरण जैसे साझा संसाधनों (कॉमन्स) का संरक्षण नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे स्थानीय समुदायों का सशक्तिकरण भी सुनिश्चित होगा।
जनजातीय विरासत के संरक्षण पर जोर
प्रमुख सचिव ने बताया कि राज्य में पारंपरिक लोकगीतों, वाद्य यंत्रों और जनजातीय विरासत के संरक्षण के लिए एक विशेष स्टूडियो स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है, जिससे उनकी पहचान और कॉपीराइट सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
70 लाख एकड़ कॉमन्स भूमि पर चर्चा
इस सम्मेलन में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें नीति विशेषज्ञ, पंचायत प्रतिनिधि और शोधकर्ता शामिल थे। चर्चा का मुख्य केंद्र राज्य की लगभग 70 लाख एकड़ कॉमन्स भूमि रही, जिसमें जंगल, घास के मैदान और जल संसाधन शामिल हैं।
सामूहिक संरक्षण पर जोर
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने जोर दिया कि छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और सतत विकास के लिए सामूहिक देखरेख और समुदाय आधारित प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है।
