Jashpur News: जशपुर में राज्यपाल रमेन डेका की समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर ग्रामीण पर्यटन तक दिए अहम निर्देश
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने जशपुर दौरे के दौरान जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और जनजातीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कमजोर जनजातियों के जीवन स्तर सुधार और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
राज्यपाल ने पहाड़ी कोरवा और बिरहोर जनजातियों के लिए हर महीने मेडिकल कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही टीबी, सिकल सेल और महिलाओं में स्तन कैंसर की जांच को प्राथमिकता देने को कहा। गंभीर मरीजों को रायपुर, अंबिकापुर और एम्स जैसे बड़े अस्पतालों में रेफर करने के निर्देश भी दिए गए।

महिला सशक्तिकरण और रोजगार
स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें असम और ओडिशा भेजकर हस्तशिल्प और नए डिजाइन सीखने की योजना को बढ़ावा देने की बात कही गई। “लखपति दीदी” लालमणि प्रजापति के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें राजभवन में सम्मानित करने की घोषणा की गई।

पर्यावरण संरक्षण की पहल
राज्यपाल ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। सर्किट हाउस स्थित मातृत्व वन में सीता अशोक का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस वन में 400 से अधिक प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं।
कृषि और जल संरक्षण पर फोकस
किसानों को जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जल संरक्षण के तहत डबरी निर्माण, कुओं का जीर्णोद्धार, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और अमृत सरोवर जैसी योजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा
राज्यपाल ने देशदेखा के पास केरेगांव में विकसित होम-स्टे का निरीक्षण किया और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने वाली पहल की सराहना की। स्थानीय व्यंजन जैसे महुआ रोटी, चीला और पीठा का स्वाद लिया और ‘जसक्राफ्ट’ ब्रांड के हस्तशिल्प उत्पादों की तारीफ की।
धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता
दौरे के दौरान राज्यपाल सोगड़ा स्थित अघोर संत भगवान अवधूत राम के आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और संतों से मुलाकात की।

