CG News: धमतरी में शुरू हुई वाटर एंबुलेंस सेवा, डुबान क्षेत्रों में मरीजों को मिलेगी राहत
CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के डुबान और दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच अब सरल हो गई है, जिला प्रशासन की पहल पर गंगरेल बांध क्षेत्र में वाटर एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। इस सेवा से 32 गांवों के लोगों को समय पर इलाज मिलने में मदद मिलेगी।
घंटों का सफर अब मिनटों में
पहले मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए करीब 50 किलोमीटर लंबी यात्रा करनी पड़ती थी, वाटर एंबुलेंस के जरिए यह दूरी घटकर सिर्फ 7 किलोमीटर रह गई है, अब यह सफर महज 45 मिनट में पूरा होगा, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

डुबान क्षेत्र के 32 गांवों को लाभ
इस सेवा से चिखली, माटेगहन, मोंगरागहन, मोंगरी, उरपुटी, कोड़ेगांव बी, कोड़ेगांव रैय्यत समेत 32 गांवों के ग्रामीणों को सीधा फायदा मिलेगा, लंबे समय से इन गांवों में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी थी, लेकिन अब स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा।
कलेक्टर ने किया ग्रामीणों से संवाद
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने डुबान क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जीवन बदलने वाला कदम बताया।
आपातकाल में वरदान
पहाड़ी और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण पहले मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल होता था, अब वाटर एंबुलेंस से आपातकालीन सेवाएं तेज और प्रभावी होंगी। यह पहल ग्रामीणों के जीवन स्तर और स्वास्थ्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी।
मॉडल बन सकती है पहल
जिला प्रशासन की इस अभिनव योजना से दूरस्थ और डुबान क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान संभव हो गया है, वाटर एंबुलेंस सेवा न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करेगी, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी एक मॉडल साबित हो सकती है।

