Jashpur News: जशपुर जिले में ‘आरोग्य जशपुर अभियान’ बना मिसाल, दूरस्थ इलाकों तक पहुंची आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल और अनुसूचित क्षेत्र जशपुर जिले में “आरोग्य जशपुर अभियान” स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल बनकर उभरा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सुनियोजित रणनीति से सेवाओं में बड़ा सुधार किया है।
हेल्पलाइन से तुरंत मिल रही मदद
स्वास्थ्य मितान हेल्पलाइन आम लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। एक कॉल पर एम्बुलेंस और स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध हो रही है। अब तक 3180 से अधिक कॉल पर सेवाएं दी जा चुकी हैं, जिनमें 5 मिनट के भीतर रिस्पांस और लगातार फॉलोअप सुनिश्चित किया जा रहा है, पहाड़ी कोरवा जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए बगीचा में हेल्पडेस्क बनाया गया है। यहां स्थानीय भाषा में संवाद कर जागरूकता बढ़ाई जा रही है। इस पहल से 1450 से अधिक ओपीडी, 900 से ज्यादा आईपीडी और 140 से अधिक सुरक्षित प्रसव संभव हुए हैं।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर फोकस
“स्वस्थ महतारी” पहल के तहत रेड कॉल सेंटर के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की निगरानी की जा रही है। 44,000 से अधिक कॉल के जरिए माताओं और नवजात शिशुओं की देखभाल सुनिश्चित की गई है, जिससे संस्थागत प्रसव में वृद्धि हुई है, जिले में सर्पदंश के मामलों में भी बेहतर प्रबंधन देखने को मिला है। सभी अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराया गया है। 626 मामलों में से 616 का सफल इलाज कर मृत्यु दर को काफी हद तक कम किया गया है।
रक्त उपलब्धता और डिजिटल सुविधा
जिले के अस्पतालों में ब्लड स्टोरेज यूनिट्स स्थापित की गई हैं और एक रियल-टाइम डैशबोर्ड तैयार किया गया है, जिससे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। इससे आपातकालीन सेवाएं और अधिक प्रभावी बनी हैं, जिले में 220 बिस्तरों वाला अस्पताल, नए सीएचसी-पीएचसी, एमसीएच सेंटर, नर्सिंग कॉलेज, क्रिटिकल केयर ब्लॉक और प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज जैसी कई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं का नेटवर्क लगातार मजबूत हो रहा है।
नवाचार और समर्पण का उदाहरण
“आरोग्य जशपुर अभियान” न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बना रहा है, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव ला रहा है। यह पहल राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार और प्रभावी क्रियान्वयन का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुकी है।

