CG News: छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि, 16,625 करोड़ का राजस्व और 14% की रिकॉर्ड वृद्धि
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने खनिज क्षेत्र में पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और मजबूत प्रबंधन के जरिए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025–26 में राज्य ने 16,625 करोड़ रुपए का खनिज राजस्व अर्जित कर लक्ष्य का 98 प्रतिशत हासिल किया है। यह सफलता प्रभावी नीति क्रियान्वयन और सुदृढ़ निगरानी व्यवस्था का परिणाम है।

पिछले वर्षों से दोगुनी रफ्तार
इस वर्ष खनिज राजस्व में 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो पिछले पांच वर्षों की औसत वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) 6 प्रतिशत से दोगुनी से भी अधिक है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि राज्य सरकार द्वारा अपनाए गए सुधारात्मक कदम और नई तकनीकों का उपयोग कितनी तेजी से सकारात्मक परिणाम दे रहा है।
‘खनिज 2.0’ प्लेटफॉर्म बना गेमचेंजर
खनिज राजस्व में बढ़ोतरी के पीछे ‘खनिज 2.0’ जैसे आईटी-आधारित प्लेटफॉर्म की अहम भूमिका रही है। इस सिस्टम के जरिए पारदर्शिता, रियल-टाइम निगरानी और संचालन दक्षता में बड़ा सुधार हुआ है। साथ ही NMDC और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के लिए डिस्पैच रूट्स का बेहतर प्रबंधन भी राजस्व वृद्धि का प्रमुख कारण बना।

ड्रोन और डिजिटल सिस्टम
राज्य सरकार अब खनिज परिवहन की निगरानी को और मजबूत करने के लिए VTS, iCheck Gates और ड्रोन आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम को व्यापक स्तर पर लागू करने की तैयारी में है। इससे अवैध खनन पर रोक लगेगी और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
डिजिटल होगा पूरा खनन तंत्र
आगामी वित्तीय वर्ष में सरकार का फोकस गौण खनिजों को भी ‘खनिज 2.0’ प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर रहेगा। इससे खनन प्रणाली पूरी तरह डिजिटल और एकीकृत हो जाएगी, जिससे राजस्व में और वृद्धि की संभावना है।
मजबूत अर्थव्यवस्था की ओर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य खनिज संसाधनों के प्रबंधन में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। इन प्रयासों से न केवल राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि विकास कार्यों के लिए संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।

