CG News: डॉ. रमन सिंह ने दिखाई 108 संजीवनी एम्बुलेंस को हरी झंडी, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम
CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने राजनांदगांव जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 10 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही 3 और एम्बुलेंस की स्वीकृति के साथ अब जिले को कुल 13 नई एम्बुलेंस सेवाएं मिल गई हैं।

आधुनिक तकनीक से लैस सेवाएं
इन एम्बुलेंस में बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) सुविधाएं उपलब्ध हैं। जीपीएस, मोबाइल डेटा टर्मिनल और लोकेशन बेस्ड सिस्टम से लैस ये वाहन शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट के भीतर प्रतिक्रिया देने में सक्षम होंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई गति
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इन एम्बुलेंस के जुड़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी। इनमें बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन, नेबुलाइजर जैसे जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध हैं, नई तकनीक के जरिए अब एम्बुलेंस की लाइव लोकेशन और रिस्पॉन्स टाइम की निगरानी की जा सकेगी, जिससे आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
नक्सलवाद पर भी दिया बयान
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि, छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद की छाया से बाहर निकलकर शांति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को दिया।
हजारों लोगों को मिल चुका लाभ
इस योजना की शुरुआत 2011 में हुई थी। अब तक राजनांदगांव जिले में 1 लाख से अधिक लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल चुकी है, जिसमें हजारों महिलाओं को प्रसूति सेवाएं भी शामिल हैं, कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय और महापौर मधुसूदन यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
