CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की मुलाकात, खेल विकास को लेकर बनी रणनीति
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान जनप्रतिनिधि और खेल विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बस्तर आर्ट की प्रतिकृति और कॉफी टेबल बुक भेंट कर उनका स्वागत किया।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और संसाधन देने की है। सरकार खेलों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से नई पहचान
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में आयोजित बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से प्रदेश को नई पहचान मिली है। इन आयोजनों के जरिए कई छिपी प्रतिभाएं सामने आई हैं, जिनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
‘बस्तर पंडुम’ में दिखी सांस्कृतिक झलक
‘बस्तर पंडुम’ आयोजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें हजारों प्रतिभागियों ने पारंपरिक खेल, संगीत और संस्कृति के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जो प्रदेश की समृद्ध विरासत को दर्शाता है।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का महत्व
केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में शामिल होने छत्तीसगढ़ पहुंची हैं। उन्होंने इस आयोजन को आदिवासी सशक्तिकरण और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

