Jashpur News: सरडीह बना राष्ट्रीय स्तर का आदर्श गांव, स्वच्छता और हरित विकास में देशभर में तीसरा स्थान
Jashpur News: जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ग्राम सरडीह ने देशभर में स्वच्छ एवं हरित पंचायत थीम में तृतीय स्थान हासिल करते हुए दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार 2025 जीता। यह उपलब्धि ग्राम पंचायत के समर्पित प्रयास और स्थानीय लोगों की भागीदारी का परिणाम है।
प्रेरणा स्रोत बनेगा सरडीह
कलेक्टर रोहित व्यास और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरडीह की यह सफलता अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी और ग्रामीण विकास की दिशा को नई ऊँचाई देगी।
स्वच्छता, सौर ऊर्जा और जल प्रबंधन में उत्कृष्ट
सरडीह ग्राम में 454 घरों में शौचालय उपलब्ध हैं और 109 घरों में सौर ऊर्जा संचालित जल पंप लगाए गए हैं। इससे किसानों को जल की पर्याप्त उपलब्धता मिलती है और कृषि कार्य में सुविधा होती है। ग्राम में सामूहिक साफ-सफाई अभियान, एलपीजी गैस का उपयोग और सोखता गड्ढों के निर्माण ने इसे हरित और स्वच्छ ग्राम बना दिया है।
आधुनिक कृषि और आर्थिक सुदृढ़ता
ग्रामवासियों ने आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर टमाटर, मिर्च, खीरा और अन्य सब्जियों की खेती शुरू की, जिससे आय में वृद्धि हुई और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हुई, सरडीह में नियमित वृक्षारोपण और पौधों की देखभाल की जाती है। 12 सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित कर ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया गया है। यह ग्राम पंचायत स्वच्छता और हरित विकास का उदाहरण बनकर पूरे राज्य के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई है।

