CG News: बस्तर में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
CG News: बस्तर संभाग की समृद्ध कृषि परंपरा और अनोखे वनोपजों को अंतरराष्ट्रीय पटल पर लाने के लिए जिला पंचायत सभागार में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा 30 मार्च 2026 को वृहद निर्यात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और लक्षद्वीप प्रोड्यूसर कंपनी बकावंड के साझा सहयोग से संपन्न हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य जिले में उपलब्ध अनाज, प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों, ताजे फलों और सब्जियों के लिए निर्यात के नए द्वार खोलना था।
महिला किसानों की भागीदारी
2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष के रूप में मनाए जाने के अवसर पर कार्यशाला में बस्तर की महिला शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिले के विभिन्न किसान उत्पादक संगठनों और स्वयं सहायता समूहों के 73 सदस्यों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कृषि निर्यात की संभावनाओं, गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए आवश्यक प्रमाणन एवं दस्तावेजीकरण की प्रक्रियाओं पर चर्चा की। एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उत्पादन प्रबंधन और वैल्यू एडिशन पर विशेष जोर दिया गया। जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए एनपीओपी प्रमाणन की बारीकियों को भी साझा किया गया।
तकनीकी मार्गदर्शन
एपीडा के सलाहकार आनंद कुमार ने प्रतिभागियों को सुझाव दिया कि वे अपने उत्पादों की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए नियमित नमूने लें और उनका वैज्ञानिक परीक्षण कराएं। उत्पादों की पैकेजिंग पर लेबलिंग और पोषण संबंधी जानकारी प्रदान करने पर भी जोर दिया गया।
स्थानीय क्षमताओं और उपलब्धियां
एनआरएलएम के राजकुमार देवांगन ने मंच संचालन करते हुए स्थानीय क्षमताओं पर प्रकाश डाला। एक एफपीओ प्रतिनिधि ने बस्तर की विशिष्ट इमली के लिए जीआई टैग आवेदन की जानकारी साझा की, जबकि एक अन्य समूह ने मक्का प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की भावी योजना बताई, इस सफल आयोजन से संभावना प्रबल हुई है कि, जिला स्तर पर निर्यात नियोजन सुदृढ़ होगा, जिससे स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार आएगा और किसान सीधे विदेशी बाजारों से जुड़कर आर्थिक समृद्धि हासिल कर सकेंगे।
