CG News: एलायंस एयर की नई उड़ान से बस्तर जुड़ा देश के प्रमुख शहरों से, रायपुर – जगदलपुर – हैदराबाद हवाई सेवा पुनः शुरू
CG News: बस्तर संभाग के लिए बहुप्रतीक्षित हवाई सुविधा फिर शुरू हो गई है। एलायंस एयर ने समर शेड्यूल के तहत रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद रूट पर अपनी फ्लाइट सेवा 31 मार्च से बहाल कर दी। इस कदम से बस्तर फिर से देश के प्रमुख शहरों से जुड़ गया है और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
उड़ान का शेड्यूल
नई सेवा के तहत विमान हैदराबाद से सुबह उड़ान भरकर जगदलपुर होते हुए रायपुर पहुंचेगा। वापसी में रायपुर से होते हुए फिर हैदराबाद जाएगा। तय शेड्यूल के अनुसार यह सफर कुछ ही घंटों में पूरा होगा, जिससे यात्रा समय में पहले की तुलना में भारी कमी आएगी।

बस्तर के लिए महत्व
बस्तर जैसे दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी लंबे समय से बड़ी चुनौती रही है। सड़क और रेल मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे मरीजों, छात्रों और व्यापारियों को परेशानी होती थी। नई फ्लाइट शुरू होने से गंभीर मरीजों को बड़े शहरों तक तेजी से पहुंच मिलेगा। साथ ही पर्यटन (चित्रकोट, तीरथगढ़ आदि) और व्यापार में भी नए अवसर खुलेंगे।
पहले सेवा बंद होने का कारण
यह सेवा पहले भी संचालित हो रही थी, लेकिन अगस्त 2024 में इसे बंद कर दिया गया था। मुख्य कारण थे: उड़ान योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी का खत्म होना, यात्रियों की कम संख्या और बढ़ती परिचालन लागत। सेवा बंद होने के बाद बस्तर की हवाई कनेक्टिविटी लगभग ठप हो गई थी।
पहले दिन का रिस्पांस
फिलहाल यह सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित की जा रही है – मंगलवार, गुरुवार और शनिवार। पहले दिन हैदराबाद के लिए 17 और रायपुर के लिए 9 यात्रियों ने इसका लाभ उठाया। 70 सीटर वाली इस फ्लाइट में यात्रियों की संख्या कम थी, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि जैसे-जैसे लोगों को इस सेवा की जानकारी होगी, अधिक लोग इसका उपयोग करेंगे।
