CG News: बस्तर में 25 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 2.90 करोड़ कैश और 11 करोड़ का सोना बरामद
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। डेडलाइन के अंतिम दिन दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) के 25 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 12 महिला और 13 पुरुष नक्सली शामिल हैं।

करोड़ों की संपत्ति और हथियार बरामद
आत्मसमर्पण के दौरान सुरक्षा बलों को भारी मात्रा में कैश, सोना और हथियार मिले हैं। कुल 2 करोड़ 90 लाख रुपए नकद और करीब 11.16 करोड़ रुपए का 7.20 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। इसके साथ ही 93 अत्याधुनिक हथियार भी जमा कराए गए।
वरिष्ठ माओवादी कैडर ने छोड़ा संगठन
सरेंडर करने वालों में कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें CyPC मंगल कोरसा उर्फ मोटू, आकाश उर्फ फागु उईका, DVCM शंकर मुचाकी, ACM राजू रैयाम और पाले कुरसम जैसे वरिष्ठ नक्सली शामिल हैं। इन सभी ने माओवादी विचारधारा को छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
बरामद हथियारों में AK-47, SLR, INSAS रायफल, कार्बाइन, 303 रायफल, पिस्टल और BGL लॉन्चर जैसे घातक हथियार शामिल हैं। कुल 93 हथियारों की बरामदगी को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका
इस बड़े सरेंडर और बरामदगी से बस्तर क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इससे नक्सलियों की ताकत कमजोर होगी और क्षेत्र में शांति स्थापित करने में मदद मिलेगी, बस्तर में यह ऐतिहासिक सरेंडर नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे साफ है कि अब माओवादी संगठन कमजोर पड़ रहा है और सदस्य मुख्यधारा की ओर लौट रहे हैं।
