CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उप निरीक्षकों को समझाया वर्दी का महत्व और जनता के प्रति जिम्मेदारी
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चंदखुरी के नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में आयोजित उप निरीक्षक संवर्ग के पासिंग आउट परेड समारोह में 859 प्रशिक्षुओं को वर्दी के अधिकार और जनता के प्रति कर्तव्यों का महत्व समझाया।

वर्दी अधिकार नहीं बल्कि संकल्प और प्रतीक
सीएम ने कहा कि वर्दी सिर्फ अधिकार नहीं बल्कि जनता की सुरक्षा का संकल्प और प्रतिष्ठा का प्रतीक है। पुलिस का भरोसा बनाए रखना जरूरी है, क्योंकि व्यक्ति असुरक्षित महसूस करने पर सबसे पहले पुलिस के पास आता है। उन्होंने कहा, “क्षेत्र डर से जीता जा सकता है, लेकिन दिल केवल अच्छे व्यवहार, निष्ठा और विश्वास से ही जीत सकते हैं।”
नए कानून और प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुराने अंग्रेजों के जमाने वाले कानूनों की जगह भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम जैसे नए कानून लागू हुए हैं। यह पासिंग आउट बैच इन कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू कर न्याय व्यवस्था को मजबूत करेगा।
उप मुख्यमंत्री का संदेश
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षु छत्तीसगढ़ पुलिस की ताकत बढ़ाएंगे। भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई। अधिकारी सुनिश्चित करें कि,
• अपराधियों में कानून का भय बना रहे
• आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम रहे
छत्तीसगढ़ की पुलिसिंग सुधार योजनाएँ
मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य की पुलिस डिजिटल, तकनीकी और उन्नत साधनों से लैस होगी। इसके लिए प्रदेश में व्यापक सुधार किए गए हैं:
• भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया
• आधुनिक तकनीक और उपकरण पुलिस बल में शामिल किए गए
• साइबर सेल की स्थापना
• पुलिस अब केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि सक्रिय सेवा प्रदाता के रूप में कार्य करेगी
सीएम ने कहा कि सुरक्षा, विकास और विश्वास – ये तीन स्तंभ हैं, जिन पर पुलिस की भूमिका सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

