CG News: जशपुर में डिजिटल डोर सेवा शुरू, QR कोड स्कैन कर घर बैठे भरें टैक्स
CG News: छत्तीसगढ़ के जशपुर में अब नागरिकों को टैक्स जमा करने के लिए नगर पालिका के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डिजिटल डोर सुविधा के तहत घर-घर QR कोड के जरिए टैक्स भुगतान की नई व्यवस्था शुरू की गई है।
CM विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर नगर पालिका में डिजिटल डोर सुविधा का शुभारंभ किया। यह पहल एचडीएफसी बैंक द्वारा विकसित की गई है, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी, इस नई व्यवस्था के तहत नगर पालिका द्वारा प्रत्येक घर के लिए अलग-अलग QR कोड उपलब्ध कराया गया है। इन QR कोड को घर-घर चस्पा किया जाएगा, ताकि लोग आसानी से अपने मोबाइल से स्कैन कर सकें।
स्कैन करते ही दिखेगी पूरी जानकारी
QR कोड स्कैन करने पर संबंधित संपत्ति की पूरी जानकारी मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसमें मकान मालिक का नाम, मकान नंबर, मोबाइल नंबर, कुल कर राशि और बकाया राशि जैसी सभी जरूरी जानकारियां शामिल होंगी, नागरिक DDN नंबर, मोबाइल नंबर या प्रॉपर्टी आईडी के जरिए भुगतान प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। पेमेंट के लिए डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग जैसे कई विकल्प उपलब्ध रहेंगे और तुरंत डिजिटल रसीद भी मिल जाएगी।
पारदर्शिता और सुविधा में होगा इजाफा
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रणाली से कर संग्रहण में पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों को सुविधा मिलेगी। साथ ही नगर पालिका की कार्यप्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी, इस डिजिटल व्यवस्था से नागरिकों का समय बचेगा और टैक्स भुगतान प्रक्रिया तेज व आसान हो जाएगी। अब लोगों को लाइन में लगने या दफ्तर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, यह प्रॉपर्टी टैक्स इंफॉर्मेशन सिस्टम एक आधुनिक आईसीटी आधारित प्लेटफॉर्म है। वर्तमान में करीब 4600 घरों को इस सिस्टम से जोड़ा गया है, जिनमें आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक संपत्तियां शामिल हैं।
