CG News: डेडलाइन से पहले बड़ी सफलता, सुकमा एनकाउंटर में 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर
CG News: छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 31 मार्च 2026 की डेडलाइन से पहले हुई मुठभेड़ में 5 लाख के इनामी नक्सली मूचाकी कैलाश को ढेर कर दिया गया।
जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
नक्सलवाद के खात्मे की तय समयसीमा से पहले सुकमा जिले के पोलमपल्ली क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में डीआरजी जवानों ने बड़ी सफलता हासिल की।

5 लाख का इनामी नक्सली ढेर
मुठभेड़ में जवानों ने 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली मूचाकी कैलाश को मार गिराया। सर्चिंग के दौरान मौके से उसका शव और हथियार भी बरामद किया गया, जानकारी के मुताबिक थाना पोलमपल्ली क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें रुक-रुककर फायरिंग होती रही।
कई बड़ी वारदातों में था शामिल
मूचाकी कैलाश सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के पूलनपाड़ का रहने वाला था और नक्सली संगठन में प्लाटून नंबर 31 का सेक्शन कमांडर (PPCM) था, उस पर ग्रामीणों की हत्या, सुरक्षा बलों पर हमले और IED ब्लास्ट जैसी कई गंभीर वारदातों में शामिल होने के आरोप थे।
लंबे समय से थी तलाश
सुरक्षा बल लंबे समय से उसकी तलाश में थे। मुठभेड़ में उसके मारे जाने को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि माओवादी कैडरों के पास आत्मसमर्पण और पुनर्वास का अवसर अब अंतिम चरण में है। उन्होंने अपील की कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटें और शांतिपूर्ण जीवन अपनाएं, गौरतलब है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में डेडलाइन से पहले सुरक्षा बलों की कार्रवाई तेज हो गई है और लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं।
