CG News: नक्सलवाद पर लोकसभा में आज अहम चर्चा, CM साय बोले – छत्तीसगढ़ का होगा ज्यादा जिक्र
CG News: देश को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में आज लोकसभा में अहम चर्चा होने जा रही है। 31 मार्च 2026 की तय समयसीमा से ठीक पहले हो रही इस बहस में छत्तीसगढ़ की भूमिका पर खास फोकस रहने की संभावना है।

लोकसभा में आज नक्सलवाद पर अहम चर्चा
देश में नक्सलवाद को समाप्त करने के प्रयासों पर आज लोकसभा में महत्वपूर्ण चर्चा होने जा रही है। यह बहस ऐसे समय में हो रही है, जब केंद्र सरकार ने नक्सलवाद खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की है, और अब इसमें सिर्फ एक दिन बाकी है, लोकसभा सचिवालय ने इस विषय को नियम 193 के तहत सूचीबद्ध किया है। इस नियम के अंतर्गत अल्पकालिक चर्चा होती है, जिसमें मतदान नहीं होता, लेकिन सरकार को जवाब देना अनिवार्य होता है। ऐसे में इस बहस को काफी अहम माना जा रहा है।
विकास में बाधा रहा नक्सलवाद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस चर्चा में छत्तीसगढ़ का सबसे ज्यादा जिक्र होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक देश में नक्सलवाद का सबसे ज्यादा असर छत्तीसगढ़ में ही रहा है, मुख्यमंत्री ने कहा कि चार दशकों से ज्यादा समय तक नक्सलवाद प्रदेश के विकास में बड़ा रोड़ा बना रहा। हालांकि अब इसे समाप्त करने की दिशा में बड़ी सफलता मिल रही है, जो राज्य के लिए सकारात्मक संकेत है।
छत्तीसगढ़ रहेगा चर्चा के केंद्र में
माना जा रहा है कि लोकसभा में होने वाली इस बहस में छत्तीसगढ़ का विशेष रूप से उल्लेख होगा, क्योंकि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में राज्य की भूमिका सबसे अहम रही है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में वायु सेवाओं के विस्तार को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए नई फ्लाइट सेवा शुरू की जा रही है।
बिलासपुर में शुरू हुई नाइट लैंडिंग सुविधा
सीएम साय ने बताया कि बिलासपुर में नाइट लैंडिंग और टेक-ऑफ की सुविधा भी शुरू हो चुकी है, जिससे हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी, उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में वायु सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

