CG News: अटल परिसर से विकास को नई रफ्तार,बिलासपुर में 26 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
CG News: बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अटल परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए 26 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने अटल जी के योगदान और छत्तीसगढ़ के विकास में उनकी भूमिका को याद किया।

अटल परिसर में अटल जी को नमन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान अरपा रिवर व्यू के पास बने ‘अटल परिसर’ में भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, मुख्यमंत्री ने शहर के विकास को गति देते हुए 26 करोड़ 93 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से शहर की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अटल जी के योगदान को किया याद
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक नेता नहीं बल्कि आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा, संवेदनशील कवि और छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता थे। उन्होंने याद दिलाया कि 1 नवंबर 2000 को उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का गठन हुआ था, मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की प्रतिमा उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परिसर आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा और समाज में राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करेगा।

प्रदेशभर में बनेंगे अटल परिसर
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार सभी नगरीय निकायों में ‘अटल परिसर’ का निर्माण कर रही है। 25 दिसंबर को प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में इनका लोकार्पण किया जा चुका है और यह अभियान लगातार जारी है, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिलासपुर के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के जरिए शहर को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
वैश्विक हालात पर भी दिया बयान
मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में चल रहे संकट का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि देश की विदेश नीति और समन्वय के कारण आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी हुई है।
लोकार्पित परियोजनाओं की झलक
करीब 12.43 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए कार्यों में अटल परिसर निर्माण, मराठी कन्या शाला भवन का विस्तार, इमलीपारा में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और रक्षित आरक्षी केंद्र का निर्माण शामिल है। ये सभी परियोजनाएं शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाएंगी।
नए कार्यों का भूमिपूजन
इसके साथ ही लगभग 14.50 करोड़ रुपये की लागत से नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें अरपा क्षेत्र में सड़क और नाला निर्माण, जरहाभाठा में सड़क चौड़ीकरण और उसलापुर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं, कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने अटल परिसर को प्रदेश के लिए गौरव और प्रेरणा का केंद्र बताया।
