CG News: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: पांचवें दिन झारखंड-हिमाचल का शानदार प्रदर्शन, कर्नाटक शीर्ष पर
CG News: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पांचवें दिन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कुश्ती और वेटलिफ्टिंग में कई राज्यों ने दम दिखाया, लेकिन कर्नाटक 15 स्वर्ण के साथ अब भी शीर्ष पर कायम है।
कुश्ती में झारखंड का शानदार प्रदर्शन
पांचवें दिन अंबिकापुर में शुरू हुई कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। पूनम उरांव ने महिला 50 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद अंजित कुमार मुंडा ने पुरुष 67 किग्रा ग्रीको-रोमन में गोल्ड जीतकर राज्य की सफलता को दोगुना कर दिया।
![]()
हिमाचल प्रदेश ने भी दिखाया दम
हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने भी पीछे नहीं रहते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। नविश कुमार ने 97 किग्रा ग्रीको-रोमन में जीत हासिल की, जबकि प्रियंका चौधरी ने महिला 62 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीतकर राज्य का दबदबा कायम रखा।
मिजोरम के वेटलिफ्टर्स का दमदार अंत
वेटलिफ्टिंग में मिजोरम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। इसी के साथ मिजोरम ने कुल चार गोल्ड के साथ अपना अभियान खत्म किया और पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया।
कर्नाटक टॉप पर कायम
कुल पदक तालिका की बात करें तो कर्नाटक 15 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। ओडिशा दूसरे और अरुणाचल प्रदेश तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
छत्तीसगढ़ को मिले दो पदक
मेजबान छत्तीसगढ़ को वेटलिफ्टिंग में दो पदक मिले। ऋषिका कश्यप ने रजत और लकी बाबू मरकाम ने कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया, हालांकि टीम नौवें स्थान पर खिसक गई है।
साम्बो लापुंग का शानदार प्रदर्शन
अरुणाचल प्रदेश के साम्बो लापुंग ने 100 किग्रा वर्ग में 299 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। इस प्रदर्शन ने उनकी टीम को पदक तालिका में तीसरे स्थान तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, महाराष्ट्र की साक्षी बुरकुले ने 86 किग्रा वर्ग में स्वर्ण जीता, वहीं विनोद सालकर ने पुरुष 125 किग्रा फ्रीस्टाइल में गोल्ड अपने नाम किया, जम्मू-कश्मीर के मुनीर हुसैन ने 74 किग्रा फ्रीस्टाइल में स्वर्ण जीतकर राज्य का खाता खोला, जबकि शमा हून ने रजत पदक हासिल किया।
