CG News: माँ कर्मा जयंती महोत्सव में शामिल हुए CM साय, समाज को एकजुट और सशक्त बनने का दिया संदेश
CG News: प्रदेश स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सूरजपुर पहुंचे, जहां उन्होंने भक्त माता कर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की, कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने भक्त माता कर्मा चौक पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि माँ कर्मा का जीवन त्याग, सेवा और समर्पण का प्रतीक है, जो समाज को एकजुट और सशक्त बनने की प्रेरणा देता है।

साहू समाज की भूमिका पर जोर
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में साहू समाज को गौरवशाली और संस्कारित समाज बताते हुए कहा कि इस समाज ने हमेशा प्रदेश के विकास में अहम योगदान दिया है। उन्होंने भक्त माता कर्मा, राजिम दाई और दानवीर भामाशाह जैसी महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए समाज को प्रेरणा लेने की बात कही।
नक्सलवाद पर सरकार की सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित था, अब तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से 400 से अधिक गांवों को मुख्यधारा में लाया गया है।

वैश्विक हालात पर भी रखी बात
पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और ऊर्जा संकट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की स्थिति मजबूत है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन पर भरोसा बनाए रखने की अपील की।
सरकारी योजनाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री की गारंटी को प्राथमिकता के साथ लागू कर रही है।
• 25 लाख किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई
• महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक का लाभ
• भूमिहीन मजदूरों को 10-10 हजार रुपये की सहायता
साथ ही श्री रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से हजारों लोगों को तीर्थ दर्शन का अवसर मिल रहा है।
साहू समाज के लिए बड़ी घोषणा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने साहू समाज के लिए
• 50 लाख रुपये सामाजिक भवन निर्माण हेतु
• 25 लाख रुपये बाउंड्री वॉल के लिए
की घोषणा की।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

