CG News: अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए हवाई सेवा शुरू, मुख्यमंत्री साय करेंगे वर्चुअल शुभारंभ
CG News: उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के लिए 30 मार्च 2026 एक ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है। अंबिकापुर के दरिमा स्थित माँ महामाया एयरपोर्ट से देश के प्रमुख शहरों दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित हवाई सेवा की शुरुआत होने जा रही है, इस महत्वपूर्ण सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा रायपुर से वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक शामिल होंगे।

सप्ताह में चार दिन उड़ान
नई हवाई सेवा के तहत एलायंस एयर का 72-सीटर एटीआर विमान संचालित किया जाएगा।
• दिल्ली के लिए फ्लाइट सोमवार और बुधवार को उपलब्ध होगी
• कोलकाता के लिए फ्लाइट गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी
इससे अंबिकापुर, बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
कनेक्टिविटी से बढ़ेगा विकास और निवेश
दिल्ली और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से सीधा जुड़ाव होने से सरगुजा संभाग में व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
मैनपाट, तातापानी और जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों के कारण प्रसिद्ध इस क्षेत्र में अब पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। बेहतर हवाई सुविधा से देश-विदेश के पर्यटक आसानी से अंबिकापुर पहुंच सकेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार
नई हवाई सेवा से गंभीर मरीजों को दिल्ली और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में बेहतर और त्वरित इलाज मिल सकेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में भी बड़ा सुधार आएगा, माँ महामाया एयरपोर्ट का विकास केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत किया गया है। रनवे को 1800 मीटर तक विस्तारित किया गया है, जिससे अब बड़े विमान यहां आसानी से उतर सकेंगे।
