CG News: नक्सल प्रभावित जिलों में बड़ा प्लान, 30 हजार मासिक आय का लक्ष्य, सरकार ने बनाई नई रणनीति
CG News: रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला में नक्सल प्रभावित और मुक्त हो रहे क्षेत्रों के समग्र विकास पर जोर दिया गया, मुख्य सचिव विकास शील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि, इन क्षेत्रों में अब तेजी से स्थायी और समावेशी विकास सुनिश्चित किया जाए.
![]()
परिवारों की आय बढ़ाने का लक्ष्य
सरकार ने एलडब्ल्यूई प्रभावित 8 जिलों के परिवारों की आय को अगले ढाई से तीन वर्षों में बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने का लक्ष्य तय किया है, वर्तमान में 85% परिवारों की आय 15 हजार रुपये से भी कम है.
आजीविका मॉडल पर जोर
कार्यशाला में क्लस्टर और ब्लॉक स्तर पर आधारित आजीविका मॉडल पर चर्चा की गई, इसमें कृषि, पशुपालन, वनोपज, मत्स्य पालन, हस्तशिल्प और सूक्ष्म उद्योगों को जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, नई रणनीति के तहत हर परिवार को कम से कम तीन अलग-अलग आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की योजना है, इससे आय के स्रोत बढ़ेंगे और आर्थिक स्थिरता आएगी.
रोजगार और स्वरोजगार पर विशेष फोकस
युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा, साथ ही उत्पादन से लेकर मार्केटिंग तक पूरी वैल्यू चेन को मजबूत किया जाएगा, अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि, हर विकासखंड में संभावित आजीविका क्लस्टर की पहचान कर 60 दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें.
ट्राइपॉड मॉडल से होगा विकास
कार्यशाला में “ट्राइपॉड मॉडल” प्रस्तुत किया गया, जिसमें परिवार, क्षेत्र और गतिविधियों को जोड़कर समेकित विकास किया जाएगा, सरकार का फोकस सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जमीन पर बदलाव लाना है, इस पहल से ग्रामीण परिवार आत्मनिर्भर बनेंगे और मुख्यधारा से जुड़ेंगे.

