CG News: डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण, युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश
CG News: डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा स्थित पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर वहां प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से मुलाकात की, इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रिकल टूल किट और वेलकम किट का वितरण किया.

आत्मनिर्भरता पर जोर
उन्होंने युवाओं से उनकी जरूरतों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की, कई युवाओं ने प्रशिक्षण के बाद अपने गांव लौटकर खेती-किसानी करने की इच्छा जताई, जिस पर डिप्टी सीएम ने कृषि प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.

कौशल प्रशिक्षण से रोजगार
केंद्र में वर्तमान में 107 युवा प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिनमें बीजापुर के 60 और दंतेवाड़ा के 47 युवा शामिल हैं, यहां इलेक्ट्रिकल, वेल्डिंग, प्लंबिंग, सिलाई और ड्राइविंग जैसे कौशल सिखाए जा रहे हैं, अब तक 7 युवाओं को ड्राइविंग में रोजगार मिला है और 75 युवाओं को सिलाई मशीन दी जा चुकी है.
ड्राइविंग लाइसेंस के निर्देश
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने निर्देश दिए कि, सभी युवाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाए और केंद्र से बाहर जाने से पहले उनका ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया जाए, उन्होंने कहा कि, सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर के कई इलाके अब सुरक्षित हो चुके हैं, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है.
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
दंतेवाड़ा पहुंचने से पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मारडूम घाटी, चित्रकोट, लोहंडीगुड़ा और बारसूर मार्ग का दौरा किया, उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की.

