CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गोवा के मंत्री रमेश तावड़कर की मुलाकात, जनजातीय कल्याण और खेल विकास पर चर्चा
CG News: राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गोवा के खेल एवं युवा मामले तथा जनजातीय कल्याण मंत्री रमेश तावड़कर ने सौजन्य भेंट की, इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और जशपुर के स्थानीय उत्पाद भेंट किए।

जनजातीय कल्याण और खेलों पर चर्चा
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच जनजातीय कल्याण और खेल विकास से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई, मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का आयोजन छत्तीसगढ़ में होना राज्य के लिए गर्व की बात है,यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के साथ-साथ उनकी सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करेगा।
गोवा प्रतिनिधिमंडल का दौरा
उल्लेखनीय है कि रमेश तावड़कर के नेतृत्व में गोवा सरकार का प्रतिनिधिमंडल ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ आया है, यह प्रतिनिधिमंडल खेल आयोजन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ मुक्तांगन, आदिवासी संग्रहालय और अन्य सांस्कृतिक स्थलों का भी दौरा करेगा, जिससे राज्य की समृद्ध जनजातीय परंपरा और विरासत को करीब से समझा जा सके।
