CG News: छत्तीसगढ़ में स्क्रिप्ट समिति गठन की तैयारी, स्थानीय संस्कृति को पहचान दिलाने पर जोर
CG News: संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन की अध्यक्षता में स्क्रिप्ट समिति के गठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, इस पहल को प्रदेश में फिल्म निर्माण की गुणवत्ता सुधारने और स्थानीय कला-संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

सिनेमा और संस्कृति के समन्वय पर जोर
संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य ने सिनेमा और संस्कृति के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर बल दिया, उन्होंने कहा कि, फिल्मों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है.
विशेषज्ञों ने दिए अहम सुझाव
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया और फिल्म निर्माण को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए, इसमें शिक्षाविद, मीडिया और फिल्म जगत से जुड़े अनुभवी लोगों की सक्रिय भागीदारी रही.
स्थानीय कहानियों को मिलेगा मंच
स्क्रिप्ट समिति का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोककथाओं, इतिहास और जनजीवन पर आधारित मजबूत और प्रभावी कहानियों को प्रोत्साहित करना है, ताकि इन विषयों पर बनने वाली फिल्मों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके.
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
अध्यक्ष मोना सेन ने कहा कि प्रदेश में रचनात्मक प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, इस समिति के गठन से स्थानीय कलाकारों, लेखकों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक मजबूत मंच मिलेगा और फिल्म निर्माण के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा, इस पहल से छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है, साथ ही राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी देश-विदेश में और मजबूती से स्थापित किया जा सकेगा.




