CG News: सड़क हादसा पीड़ितों को 1.5 लाख तक कैशलेस इलाज, पुलिस-प्रशासन को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
CG News: सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की समय पर इलाज न मिलने से होने वाली मौतों को रोकने के लिए बिलासपुर में बड़ा कदम उठाया गया है, प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत अब हादसा पीड़ितों को 1.50 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज मिलेगा.

गोल्डन ऑवर में मिलेगा इलाज
योजना का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के बाद पहले एक घंटे यानी ‘गोल्डन ऑवर’ में पीड़ितों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराना है, जिससे गंभीर मामलों में जान बचाई जा सके, जिले में आयुष्मान योजना से जुड़े 172 अस्पतालों में यह सुविधा शुरू हो चुकी है, जहां दुर्घटना पीड़ितों का कैशलेस इलाज किया जाएगा.
अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, इसमें पुलिस, स्वास्थ्य और प्रशासनिक अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई, अधिकारियों को TMS 2.0, DCRB और अन्य पोर्टलों पर पीड़ितों का डेटा दर्ज करने की ट्रेनिंग दी गई, ताकि हादसे के बाद तुरंत पंजीयन और सत्यापन कर इलाज शुरू किया जा सके.
पहला केस रतनपुर में दर्ज
इस योजना के तहत पहला मामला रतनपुर क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां घायल व्यक्ति का 24 घंटे के भीतर पंजीकरण कर इलाज शुरू किया गया, बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, सड़क दुर्घटना होने पर घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर इलाज मिल सके और जान बचाई जा सके.
योजना की खास बातें
• हादसे के 7 दिनों के भीतर 1.5 लाख तक कैशलेस इलाज
• गंभीर मामलों में 48 घंटे तक तत्काल उपचार
• सामान्य मामलों में 24 घंटे तक इलाज
• मरीज या परिजनों को कोई भुगतान नहीं करना होगा
• देशभर में लागू सुविधा




