CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज किसानों को देंगे बड़ी सौगात, 5 लाख भूमिहीन परिवारों को 500 करोड़ की सीधी मदद
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार आज भूमिहीन कृषि श्रमिकों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता जारी करने जा रही है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बलोदाबाजार से ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि श्रमिक कल्याण योजना’ के तहत लगभग 500 करोड़ रुपए सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे, इससे करीब 5 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा.

हर साल मिलेंगे 10 हजार रुपए
इस योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है, पहले यह राशि 7,000 रुपए थी, जिसे बढ़ाकर अब 10,000 रुपए कर दिया गया है, यह रकम सीधे बैंक खातों में DBT के माध्यम से पहुंचती है.
सिर्फ मजदूर ही नहीं, कई वर्ग शामिल
यह योजना केवल खेतिहर मजदूरों तक सीमित नहीं है, इसमें वन उपज संग्राहक, पशुपालक, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई और धोबी जैसे ग्रामीण पेशों से जुड़े लोग भी शामिल हैं, इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों में रहने वाले बैगा, गुनिया और मांझी समुदाय के परिवारों को भी इसका लाभ मिल रहा है.
जिलों में लाभार्थियों की स्थिति
राज्य में सबसे ज्यादा लाभार्थी रायपुर जिले में हैं, जहां 53 हजार से अधिक परिवार इस योजना से जुड़े हैं, इसके बाद बिलासपुर और महासमुंद का स्थान है, वहीं बीजापुर, कोरिया और नारायणपुर में लाभार्थियों की संख्या कम है.
पारदर्शिता और DBT पर जोर
सरकार ने सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूरा कर लिया है, जिससे राशि सीधे उनके खातों में पहुंच रही है, इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हो गई है और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है, इस योजना का मुख्य उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पारंपरिक रोजगार को संरक्षण देने पर भी फोकस किया गया है.


