CG News: बस्तर में नक्सल नेटवर्क ढहने की कगार पर, टॉप कमांडर पापाराव समेत 18 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है, बस्तर को नक्सल मुक्त घोषित करने की तय समय सीमा से ठीक पहले टॉप नक्सली कमांडर पापाराव ने अपने साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया, वह बीजापुर जिले के कुटरू थाने पहुंचा, जहां से सभी को जगदलपुर ले जाया गया.
18 नक्सलियों ने डाले हथियार
डिप्टी सीएम विजय शर्मा के अनुसार कुल 18 नक्सलियों ने सरेंडर किया है, जिनमें 10 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं, इनके पास से 8 AK-47, 1 SLR और 1 INSAS समेत अन्य हथियार बरामद किए गए हैं, जो सुरक्षा बलों के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है.
कौन है पापाराव?
पापाराव उर्फ मंगू (56) सुकमा जिले का निवासी है और DKSZCM का सदस्य रहा है, वह पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी का इंचार्ज और दक्षिण सब-जोनल ब्यूरो का अहम सदस्य था, इलाके की गहरी जानकारी के कारण वह कई बार सुरक्षा बलों से बच निकलने में सफल रहा.
संगठन को बड़ा झटका
पापाराव के सरेंडर के साथ ही पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी लगभग खत्म मानी जा रही है, पहले देवा के आत्मसमर्पण के बाद पापाराव ही आखिरी सक्रिय फाइटर बचा था, अब उसके भी हथियार डालने से संगठन की रीढ़ टूट गई है.
एक साल में बिखर गया नेटवर्क
पिछले एक साल में सुरक्षा बलों ने नक्सल संगठन को भारी नुकसान पहुंचाया है, माड़वी हिड़मा, बसवराजू और गणेश उइके जैसे कई बड़े नक्सली मारे गए, जबकि भूपति, रूपेश और रामधेर जैसे नेताओं ने सैकड़ों साथियों के साथ आत्मसमर्पण किया.
अब केवल दो बड़े चेहरे बाकी
वर्तमान में मुपल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति और मिशिर बेसरा जैसे कुछ ही बड़े नक्सली संगठन को संभाल रहे हैं, पापाराव के सरेंडर के बाद बस्तर में माओवाद के पूरी तरह खत्म होने की संभावना और मजबूत हो गई है.


