CG News: कवर्धा में सरस मेले का शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महिला समूहों को दी आर्थिक सहायता
CG News: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत सरदार पटेल मैदान में चार दिवसीय संभागीय सरस मेला का शुभारंभ किया गया, इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महिला स्व सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं के तहत 11.43 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की.
महिला समूहों को मिला बड़ा आर्थिक सहयोग
कार्यक्रम के दौरान बैंक लिंकेज के तहत 10 करोड़ रुपये का अंतरण किया गया, साथ ही 271 समूहों को 40.65 लाख रुपये की चक्रीय निधि और 172 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत 1.03 करोड़ रुपये प्रदान किए गए, जिससे महिलाएं अपने व्यवसाय को मजबूत बना सकें.

स्टॉलों का निरीक्षण और संवाद
उपमुख्यमंत्री ने मेले में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला समूहों से उनके उत्पाद, कच्चे माल, उत्पादन और विपणन की जानकारी ली, ‘लखपति दीदियों’ से बातचीत करते हुए उन्होंने महिलाओं की भूमिका को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव बताया.
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ती महिलाएं
उन्होंने बताया कि, प्रदेश में 2.69 लाख से अधिक महिला स्व सहायता समूह संचालित हैं, जिनसे लगभग 30 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं, ‘दीदी के गोठ’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए महिलाएं अपने नवाचार साझा कर रही हैं, जिससे आत्मविश्वास और कौशल दोनों बढ़ रहे हैं.
डिजिटल और बाजार से जुड़ाव
महिला समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने की तैयारी कर रही है, इसके माध्यम से आम नागरिक सीधे समूहों द्वारा बनाए गए उत्पाद खरीद सकेंगे, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी.
मेले में आकर्षक उत्पादों की भरमार
23 से 26 मार्च तक चलने वाले इस मेले में मिलेट उत्पाद, बिस्कुट, अचार, पापड़, अगरबत्ती, हैंडलूम बैग सहित कई आकर्षक वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं, छत्तीसगढ़ के कई जिलों से आए महिला समूह इसमें भाग ले रहे हैं, यह सरस मेला महिला समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री का बड़ा मंच प्रदान कर रहा है, इससे न केवल महिलाओं की आय बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.


