CG News: कबीरधाम जिला में महिलाओं ने संभाली स्टीयरिंग, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बने पैसेंजर
CG News: कबीरधाम जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अनोखी पहल देखने को मिली, जहां अब तक पुरुष प्रधान माने जाने वाले परिवहन व्यवसाय में महिलाओं ने कदम रखकर नई शुरुआत की है.
‘आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस’ योजना की शुरुआत
स्व सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने जब स्टीयरिंग संभाली, तो यह एक बड़ा बदलाव साबित हुआ, जो काम पहले केवल पुरुषों तक सीमित था, अब महिलाएं उसे अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, सरस मेले के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 10 महिला समूहों को ‘आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस’ योजना के तहत सीएलएफ मैजिक वाहन वितरित किए, प्रत्येक वाहन की लागत करीब 7.50 लाख रुपये है, जिसमें 5 लाख रुपये केंद्र सरकार द्वारा अनुदान के रूप में दिए गए हैं.
अब महिलाएं चलाएंगी ग्रामीण परिवहन
इन वाहनों के जरिए महिलाएं अपने क्षेत्रों में यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएंगी, खासतौर पर वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में यह पहल बेहद उपयोगी साबित होगी, जहां अब तक परिवहन की कमी एक बड़ी समस्या रही है, वाहन संचालन के लिए महिलाओं को ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, अब ये महिलाएं अलग-अलग रूट पर टाटा मैजिक वाहन चलाकर रोजगार के नए अवसर तैयार करेंगी.
‘लखपति दीदी’ बनने का रास्ता
उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यह पहल उन्हें “लखपति दीदी” बनने की दिशा में आगे बढ़ाएगी, यह योजना न केवल उनकी आय बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें समाज में नई पहचान और आत्मसम्मान भी दिलाएगी, इस योजना से जहां महिलाओं को स्वरोजगार मिलेगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा भी उपलब्ध होगी, यह पहल आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.




