CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर जल्द शुरू होगी ऐप से कुली बुकिंग सुविधा, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे एक नई डिजिटल पहल करने जा रहा है, जल्द ही यात्री मोबाइल ऐप के जरिए कुली (पोर्टर) बुक कर सकेंगे, जिससे स्टेशन पर होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी.
एप से पहले ही बुक कर सकेंगे कुली
रायपुर रेल मंडल द्वारा विकसित किए जा रहे इस विशेष ऐप के जरिए यात्री ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही कुली बुक कर पाएंगे, ट्रेन आते ही कुली संबंधित कोच और सीट तक पहुंच जाएगा, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी.
ओवरचार्जिंग और मोलभाव से छुटकारा
इस ऐप में कुलियों का पूरा विवरण और तय किराया पहले से दर्ज रहेगा, इससे यात्रियों को किराए को लेकर मोलभाव नहीं करना पड़ेगा और ओवरचार्जिंग जैसी समस्याओं में भी कमी आएगी, यह नई डिजिटल सुविधा यात्रियों के सफर को और आसान और सुविधाजनक बनाएगी, ऐप आधारित कुली बुकिंग से रेलवे स्टेशन पर पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा.
यात्रियों से लिया जा रहा फीडबैक
इस नई व्यवस्था को लागू करने से पहले रेलवे यात्रियों से फीडबैक भी ले रहा है, इसके लिए क्यूआर कोड स्कैन कर सर्वे कराया जा रहा है, ताकि यात्रियों की जरूरतों और सुझावों के अनुसार सुविधा को बेहतर बनाया जा सके.
सर्वे में पूछे जा रहे अहम सवाल
रेलवे द्वारा किए जा रहे जन-सर्वेक्षण में यात्रियों से उनकी यात्रा की आवृत्ति, कुली सेवा का उपयोग, स्टेशन पर कुली खोजने में होने वाली दिक्कतें और किराए से जुड़ी समस्याओं पर राय मांगी जा रही है, साथ ही ऑनलाइन बुकिंग से समय बचत, सुरक्षा और सुविधा शुल्क जैसे मुद्दों पर भी सुझाव लिए जा रहे हैं.




