Jashpur News: कुनकुरी में कौशल विकास कार्यशाला,150 महिलाओं को मिला प्रशिक्षण, दिव्यांगजनों के लिए नए अवसर
Jashpur News: महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ में एक सराहनीय पहल की गई, कुनकुरी के मंगल भवन में आयोजित दो दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला में 150 महिलाओं ने भाग लिया, जिसमें 25 दिव्यांग महिलाएं भी शामिल रहीं, इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को रोजगारोन्मुख कौशल सिखाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था.

विभिन्न कौशलों में मिला प्रशिक्षण
कार्यशाला में प्रतिभागियों को उनकी रुचि के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया, इसमें हर्बल साबुन, चॉकलेट, मोमबत्ती, रिबन माला, गजरा, गोबर से बने उत्पाद, बोतल आर्ट, झाड़ू-पोछा और फिनाइल निर्माण जैसे कई व्यावसायिक कौशल शामिल थे.
दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जल्द ही रायपुर में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने की घोषणा की, उन्होंने कहा कि, दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना बेहद जरूरी है.
कलेक्टर ने बढ़ाया उत्साह
कलेक्टर रोहित व्यास ने प्रतिभागियों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की और स्वयं भी उत्पाद खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया, उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
38 दिव्यांगजन हुए सम्मानित
कार्यक्रम में उन 38 दिव्यांगजनों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने निगम से लिए गए ऋण की पूरी अदायगी की, उन्हें साल, श्रीफल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, यह कार्यशाला न केवल महिलाओं और दिव्यांगजनों को कौशल प्रदान करने में सफल रही, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुई, ऐसे आयोजन भविष्य में रोजगार और सशक्तिकरण की नई राह खोलेंगे.
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के निज सहायक तुलसी कौशिक, सलाहकार राजेश तिवारी, प्रबंधक पंकज वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे, अंत में समाज कल्याण विभाग के उप संचालक धर्मेंद्र कुमार साहू ने आभार व्यक्त किया.




