CG News: बस्तर में 908 शिक्षकों और प्रधान पाठकों की पदोन्नति, अब शुरू होगी पोस्टिंग प्रक्रिया
CG News: बस्तर संभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है, शिक्षा विभाग ने 908 शिक्षकों और प्रधान पाठकों को पदोन्नत करने का निर्णय लिया है, जिससे वर्षों से अटकी प्रक्रिया को आखिरकार मंजूरी मिल गई है.

वरिष्ठता के आधार पर हुआ चयन
पदोन्नति के लिए 1 अप्रैल 2024 की स्थिति को आधार मानते हुए अंतिम संयुक्त वरिष्ठता सूची तैयार की गई, इसी सूची के आधार पर पात्र शिक्षकों को ‘‘प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला’’ के पद पर पदोन्नत किया गया, इस पदोन्नति में ई-संवर्ग के 30 शिक्षकों (15 नियमित और 15 एलबी) को लाभ मिला है, वहीं टी-संवर्ग के 878 शिक्षकों को प्रमोशन दिया गया, जिसमें 166 नियमित और 712 एलबी श्रेणी के शिक्षक शामिल हैं.
स्कूलों में बढ़ेगी प्रशासनिक दक्षता
पदोन्नत शिक्षकों को नई जिम्मेदारियां मिलने से स्कूलों में प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी, खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में यह निर्णय अहम साबित होगा, संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा एचआर सोम के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब अगला चरण पदस्थापना का है, जल्द ही काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें शिक्षकों को उनकी प्राथमिकता के अनुसार स्कूल आवंटित किए जाएंगे.
वर्षों से लंबित थी पदोन्नति प्रक्रिया
बस्तर में बड़ी संख्या में शिक्षक कई वर्षों से प्रमोशन का इंतजार कर रहे थे, वरिष्ठता सूची विवाद, संवर्ग पुनर्गठन और एलबी व नियमित शिक्षकों के बीच असमानताओं के कारण यह प्रक्रिया लंबे समय तक अटकी रही, राज्य सरकार द्वारा हाल के वर्षों में संवर्ग एकीकरण और नियमों में बदलाव के बाद ही पदोन्नति का रास्ता साफ हो पाया, इससे वेतनमान, पदनाम और प्रमोशन नियमों में समानता लाई गई.
लंबे समय से खाली थे पद
लंबे समय से प्रमोशन नहीं होने के कारण स्कूलों में प्रधान पाठक के पद खाली थे, प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे और जिम्मेदारियों का स्पष्ट विभाजन नहीं हो पा रहा था, 908 शिक्षकों की पदोन्नति का यह फैसला न केवल शिक्षकों के लिए राहत भरा है, बल्कि बस्तर की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती देने वाला कदम साबित होगा, अब सभी की नजर पोस्टिंग प्रक्रिया पर टिकी है.




