CG News: बस्तर नक्सल मुक्त होने की कगार पर, टॉप कमांडर पापाराव के सरेंडर की संभावना
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलवाद के अंत की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, नक्सल मुक्त बस्तर घोषित करने की तय समय सीमा से ठीक पहले, पश्चिम बस्तर के बड़े नक्सली कमांडर पापाराव के सरेंडर की खबर सामने आ रही है, हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अगर यह खबर सच साबित होती है तो नक्सल संगठन को यह सबसे बड़ा झटका माना जाएगा.

कौन है पापाराव?
पापाराव उर्फ मंगू (56) सुकमा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में DKSZCM का सदस्य है, वह पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी का इंचार्ज और दक्षिण सब-जोनल ब्यूरो का सदस्य भी है, उसके पास AK-47 जैसे आधुनिक हथियार हैं और वह इलाके के जल-जंगल-जमीन से भली-भांति परिचित है, जिससे वह कई बार सुरक्षा बलों से बच निकलने में सफल रहा है.
सरेंडर से खत्म हो सकता है संगठन
अगर पापाराव सरेंडर करता है या एनकाउंटर में मारा जाता है, तो पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी का पूरी तरह से अंत हो सकता है, पहले ही कई बड़े नक्सलियों के मारे जाने या आत्मसमर्पण के बाद अब पापाराव ही संगठन का आखिरी सक्रिय फाइटर माना जा रहा है, पिछले एक साल में सुरक्षा बलों ने नक्सल संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचाया है, माड़वी हिड़मा, बसवराजू और गणेश उइके जैसे कई बड़े नक्सलियों का एनकाउंटर हुआ है, वहीं भूपति, रूपेश और रामधेर जैसे नक्सलियों ने अपने साथियों के साथ सरेंडर कर दिया है.
अब भी बचे हैं कुछ टॉप कैडर
वर्तमान में मुपल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति और मिशिर बेसरा जैसे टॉप नक्सली संगठन को संभाल रहे हैं,इन पर करोड़ों का इनाम घोषित है, इनके खत्म होते ही बस्तर से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया माना जा रहा है.
MMC जोन पूरी तरह खत्म
बस्तर में अब केवल 200-300 हथियारबंद नक्सली ही बचे हैं, जो छोटे-छोटे समूहों में छिपे हुए हैं, MMC जोन पूरी तरह खत्म हो चुका है और उत्तर बस्तर व माड़ डिवीजन में भी नक्सल प्रभाव लगभग समाप्त हो चुका है, अगर पापाराव सरेंडर करता है या मारा जाता है, तो बस्तर को नक्सल मुक्त घोषित करने का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा, यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी.
