CG News: ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ का आयोजन, खेल-पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
CG News: छत्तीसगढ़ में खेल, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ का आयोजन 22 मार्च को किया जा रहा है, यह राज्य का सबसे बड़ा रनिंग इवेंट होगा, जिसकी शुरुआत जगदलपुर के लालबाग मैदान से होकर विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात तक होगी.
प्रकृति और संस्कृति के बीच दौड़
मैराथन का रूट बस्तर की खूबसूरत वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य से होकर गुजरेगा, जहां प्रतिभागियों को दौड़ के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि, यह आयोजन खेल के साथ पर्यटन और स्थानीय विकास को नई दिशा देगा.
हर वर्ग के लिए अवसर
मैराथन में 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी (फन रन) की श्रेणियां रखी गई हैं, ताकि हर आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकें, प्रतियोगिता में कुल 25 लाख रुपये के पुरस्कार रखे गए हैं, पंजीकरण शुल्क 299 रुपये है, जबकि बस्तर संभाग के प्रतिभागियों के लिए यह निःशुल्क है.
प्रतिभागियों के लिए सुविधाएं
रूट पर रिफ्रेशमेंट पॉइंट, मेडिकल सुविधा और इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल, ई-सर्टिफिकेट और प्रोफेशनल फोटो भी दिए जाएंगे, यह मैराथन प्रकृति और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है, जिससे बस्तर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी.
स्थानीय लोगों को मिलेगा फायदा
इस आयोजन से स्थानीय युवाओं, कारीगरों और छोटे व्यवसायों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, प्रकृति और संभावनाओं को दुनिया के सामने लाने का एक बड़ा मंच है.



