CG News: अंबिकापुर में खिलाड़ियों का महाकुंभ आज से, सीएम साय करेंगे शुभारंभ
CG News: सरगुजा संभाग में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए 21 से 23 मार्च तक तीन दिवसीय ‘सरगुजा ओलंपिक-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में इस खेल महाकुंभ का विधिवत शुभारंभ करेंगे। जिला प्रशासन ने पीजी कॉलेज ग्राउंड, गांधी स्टेडियम और सेंट जेवियर्स स्कूल सहित विभिन्न स्थलों पर प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

2,190 खिलाड़ी होंगें शामिल
इस ओलंपिक में संभाग के सभी जिलों से कुल 2,190 खिलाड़ी अपनी ताकत दिखाएंगे, जिनमें 1,044 महिलाएं और 1,146 पुरुष शामिल हैं। प्रतियोगिता को दो श्रेणियों (17 वर्ष से कम और 17 वर्ष से अधिक) में बांटा गया है। मुख्य आकर्षण कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी और रस्साकसी जैसी 12 खेल विधाएं होंगी। खिलाड़ी पहले ही अंबिकापुर पहुंच चुके हैं।
कुदरगढ़ धाम में विकास कार्यों की बारिश
खेलों के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री सूरजपुर जिले के प्रसिद्ध कुदरगढ़ धाम प्रस्थान करेंगे। यहाँ वे माँ कुदरगढ़ी के दर्शन करेंगे और क्षेत्र को 185 करोड़ 10 लाख रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। बता दें कि 23 मार्च से शुरू होने वाले ‘कुदरगढ़ महोत्सव’ से पहले मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
आधुनिक कृषि पर जोर
खेल और आस्था के साथ-साथ मुख्यमंत्री किसानों से भी रूबरू होंगे। अंबिकापुर के कृषि विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में आयोजित ‘राज्य स्तरीय तिलहन किसान मेला 2026’ में सीएम शिरकत करेंगे। इस मेले का उद्देश्य संभाग के किसानों को तिलहन उत्पादन की आधुनिक तकनीकों और उन्नत बीजों के प्रति जागरूक करना है।




