CG News: छतीसगढ़ में अब एक साथ मिलेगा 3 महीने का राशन, 74 लाख परिवारों को बड़ी राहत
CG News: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत एक बड़ा बदलाव किया गया है, पिछले कुछ समय से सर्वर डाउन होने और गोदामों में स्टॉक की कमी के कारण आम जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, इन तकनीकी बाधाओं को दूर करते हुए सरकार ने निर्णय लिया है कि, अब हितग्राहियों को बार-बार दुकान के चक्कर नहीं काटने होंगे.
अप्रैल में मिलेगा जून तक का राशन
नई व्यवस्था के अनुसार, अप्रैल माह में ही अप्रैल, मई और जून का चावल एक साथ वितरित किया जाएगा, खाद्य विभाग ने सभी उचित मूल्य दुकानों को निर्देश दिए हैं कि, वे 31 मार्च तक अपना बफर स्टॉक सुनिश्चित कर लें ताकि वितरण के दौरान किसी भी कार्डधारी को खाली हाथ न लौटना पड़े.
‘चावल उत्सव’ से आएगी पारदर्शिता
राशन वितरण को पारदर्शी बनाने और धांधली रोकने के लिए सरकार पूरे प्रदेश में ‘चावल उत्सव’ का आयोजन करेगी, इस दौरान राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर वितरण की निगरानी करेंगे, किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ई-पॉस से पहचान अनिवार्य
हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने के लिए अपनी नजदीकी उचित मूल्य दुकान पर जाकर ई-पॉस मशीन में अपना अंगूठा लगाकर प्रमाणीकरण करना होगा, सत्यापन सफल होते ही तीन महीने का अनाज तुरंत प्रदान कर दिया जाएगा, इस फैसले से प्रदेश के लगभग 74 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित होंगे.



