CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा में ऐतिहासिक संशोधन पारित, अब ‘छत्तीसगढ़ गृह एवं अधोसंरचना विकास मंडल’ के नाम से जानी जाएगी संस्था
CG News: छत्तीसगढ़ के शहरी और आवासीय विकास को आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक 2026 विधानसभा में ध्वनिमत से पारित हो गया है, इस संशोधन के बाद अब ‘छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल’ का नाम बदलकर ‘छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ गृह एवं अधोसंरचना विकास मंडल’ कर दिया गया है, यह केवल नाम का बदलाव नहीं है, बल्कि मंडल को अब एक बहुआयामी इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी के रूप में विकसित किया जाएगा, जो सड़क, कनेक्टिविटी और अन्य शहरी बुनियादी ढांचों पर भी ध्यान केंद्रित करेगी.

मंडल की वित्तीय मजबूती और उपलब्धियां
सदन में जानकारी देते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि, पिछले दो वर्षों में मंडल ने अभूतपूर्व प्रगति की है, राज्य सरकार ने 735 करोड़ रुपये का ऋण भुगतान कर मंडल को पूरी तरह कर्ज से मुक्त कर दिया है, वर्तमान में 3,050 करोड़ रुपये की लागत वाली 78 नई परियोजनाओं पर काम चल रहा है, इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY 2.0) के तहत 2,000 ईडब्ल्यूएस (EWS) आवासों के निर्माण को भी हरी झंडी मिल चुकी है, मंडल अब राज्य के 33 में से 27 जिलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है.
भविष्य का रोडमैप और ‘अर्बन कॉरिडोर’
सरकार की योजना रायपुर, नवा रायपुर, भिलाई-दुर्ग और राजनांदगांव को जोड़कर एक विशाल ‘शहरी कॉरिडोर’ के रूप में विकसित करने की है, इस महा-परियोजना में नए नामांकित ‘गृह एवं अधोसंरचना विकास मंडल’ की भूमिका सबसे अहम होगी, 650 करोड़ रुपये की पुनर्विकास परियोजनाओं की डीपीआर तैयार हो चुकी है, जिससे पुराने क्षेत्रों को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा.
आवास और विकास को मिलेगी नई दिशा : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस विधेयक के पारित होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि, यह निर्णय राज्य में किफायती आवास और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर सुनिश्चित करेगा, उन्होंने कहा कि, सरकार “संकल्प से सिद्धि” के मंत्र के साथ छत्तीसगढ़ को एक सशक्त और विकसित राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, इस नए कानून से शहरीकरण सुव्यवस्थित होगा और आम नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर मिल सकेगा.




