CG News: मंदिर हसौद स्टेशन को ₹7.30 करोड़ की सौगात, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होगा नया परिसर
CG News: नवा रायपुर क्षेत्र के महत्वपूर्ण ‘मंदिर हसौद’ स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक बनाया जा रहा है, रेल मंत्रालय ने इसके लिए 7 करोड़ 30 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है, चूंकि यह स्टेशन ओडिशा, पुरी, राजिम और धमतरी रूट की ट्रेनों के लिए एक प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहाँ यात्री सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है, योजना के तहत स्टेशन में अलग एंट्री-एग्जिट गेट, बाइक-कार पार्किंग, आकर्षक पोर्च और लैंडस्केपिंग के साथ सुंदर गार्डन विकसित किए जाएंगे.

हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा परिसर
नये स्वरूप में मंदिर हसौद स्टेशन पूरी तरह से सुरक्षित और इको-फ्रेंडली होगा, पूरे परिसर को CCTV कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा और बिजली की खपत कम करने के लिए सोलर पैनल लगाए जाएंगे, यात्रियों के लिए ठंडे पानी की मशीनें, आधुनिक टॉयलेट्स और नए यात्री प्रतीक्षालय बनाए जा रहे हैं, साथ ही प्लेटफार्म पर डिजिटल इंडिकेटर बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अपने कोच ढूंढने में कोई परेशानी न हो.
रायपुर मंडल का बड़ा नेटवर्क
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के अंतर्गत कुल 15 स्टेशनों की सूरत बदली जा रही है, भिलाई, उरकुरा और भानुप्रतापपुर जैसे स्टेशनों का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि भाटापारा, तिल्दा-नेवरा, बालोद और मंदिर हसौद समेत अन्य स्टेशनों पर कार्य प्रगति पर है, अमृत भारत योजना के जरिए रेल मंत्रालय देशभर के 1,300 स्टेशनों को आधुनिक ट्रांसपोर्ट हब में तब्दील करने के लक्ष्य पर काम कर रहा है.



