CG News: डिजिटल सुशासन को बढ़ावा, ई-प्रोक्योरमेंट सिस्टम पर राज्यस्तरीय प्रशिक्षण शुरू
CG News: शासकीय खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए राजधानी के सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस में इलेक्ट्रॉनिक प्रोक्योरमेंट सिस्टम पर दो दिवसीय राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत हुई.
एनआईसी और चिप्स की संयुक्त पहल
यह कार्यशाला राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र और चिप्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, इसमें राज्य के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नई ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
50 से अधिक विभागों के अधिकारी शामिल
कार्यशाला के पहले दिन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, पर्यटन सहित 50 से अधिक विभागों के नोडल अधिकारी शामिल हुए, प्रशिक्षण उषा सक्सेना के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम द्वारा दिया जा रहा है.
डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की ओर बड़ा कदम
चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मलिक ने बताया कि नई “जेम-आधारित” (GePNIC) ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली की ओर माइग्रेशन राज्य के लिए डिजिटल सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, इससे खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता दोनों बढ़ेंगी.
पारदर्शिता, समानता और दक्षता पर जोर
विशेषज्ञों ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता, समान अवसर और समयबद्धता बेहद जरूरी हैं, नई प्रणाली इन सभी मानकों को पूरा करती है और देशभर में बड़े स्तर पर उपयोग में लाई जा रही है, नई ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली में डिजिटल सिग्नेचर, ई-ऑक्शन, टेंडर प्रिपरेशन और प्राइस बिड जैसे कई आधुनिक फीचर्स शामिल हैं, यह सिस्टम सुरक्षा और उपयोग में सरलता के लिहाज से भी उन्नत है.
राज्य में नई शुरुआत
यह प्रणाली पहले से ही देश के 30 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में उपयोग हो रही है, अब छत्तीसगढ़ में भी इसे लागू कर शासकीय खरीद को डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा रहा है, दो दिवसीय इस कार्यशाला में अधिकारियों को न केवल सॉफ्टवेयर संचालन, बल्कि बेस्ट प्रैक्टिस और केस स्टडी के माध्यम से भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे अपने विभागों में इसे प्रभावी ढंग से लागू कर सकें.


