Jashpur News: जशपुर में स्वास्थ्य संरक्षण की नई पहल, एचपीवी टीकाकरण व शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ
Jashpur News: विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में जशपुर जिला चिकित्सालय में एचपीवी टीकाकरण अभियान और शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ किया गया। इन अभियानों के माध्यम से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा और बच्चों को पोषण एवं प्रतिरक्षण की सुविधा प्रदान की जाएगी।
एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत, पहली वैक्सीन साक्षी को
जिला चिकित्सालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत के आतिथ्य में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ। जिले की पहली एचपीवी वैक्सीन भागलपुर जशपुर निवासी कुमारी साक्षी सोनवानी को लगाई गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।

जिले में 9638 किशोरियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि प्रथम चरण में 3085 डोज प्राप्त हुई हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्तर पर 28 फरवरी 2026 से इस अभियान की शुरुआत हुई है। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है और समय पर टीकाकरण से गंभीर बीमारी का खतरा कम किया जा सकता है।
शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा एक बच्चे को विटामिन ए की खुराक पिलाकर शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी बच्चों को विटामिन ए और आयरन सिरप प्रदान किया। यह अभियान 17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा। प्रति मंगलवार और शुक्रवार को वीएचएनडी सत्रों के माध्यम से 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए एवं आइएफए सिरप दिया जाएगा।
समग्र स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत बच्चों का टीकाकरण, वजन मापन, आयु अनुसार पोषण परामर्श और पूरक पोषण आहार की व्यवस्था की जाएगी।गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। जिले में 81,865 बच्चों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 2672 सत्र आयोजित किए जाएंगे।पत्थलगांव, फरसाबहार, कांसाबेल, बगीचा, कुनकुरी, दुलदुला, लोदाम और मनोरा विकासखंडों में यह अभियान संचालित होगा।
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में सशक्त हो रहा स्वास्थ्य तंत्र
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। विटामिन ए अनुपूरण, एनीमिया नियंत्रण और समय पर टीकाकरण से बाल मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य सरकार की यह पहल स्वस्थ एवं सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।




