Jashpur News: सीएम विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर में विकास की नई गाथा, 126 करोड़ से 42 सड़कों का निर्माण
Jashpur News: विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आधारभूत संरचना विकास को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 126 करोड़ रुपये की लागत से 42 नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। निविदा प्रक्रिया जारी है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचेगी।
पीएमजीएसवाई अंतर्गत 42 सड़कों को मिली स्वीकृति
वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जशपुर जिले में 42 नई सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों का निर्माण 126 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। वर्तमान में सभी कार्यों की निविदा प्रक्रिया जारी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। स्वीकृत सड़कों में जशपुर विकासखंड में 5, मनोरा में 7, दुलदुला में 7, कुनकुरी में 13 तथा फरसाबहार में 10 सड़कों का निर्माण शामिल है। यह पहल जिले के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

संपर्क सुदृढ़, दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगी विकास की रोशनी
मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन में जिले में सड़कों, पुलों और पुलियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन सुविधाजनक और सुरक्षित हो रहा है।कृषि उत्पादों का परिवहन सुगम होने से किसानों को बाजार तक समय पर पहुंचने में मदद मिल रही है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्कूल और कॉलेज तक पहुंचना आसान हो रहा है तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर हो रही है।
स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिल रहा बढ़ावा
सड़क निर्माण कार्यों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। निर्माण गतिविधियों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों को भी इन सड़कों से सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे उनका संपर्क शिक्षा, स्वास्थ्य और मंडियों से सुदृढ़ हो रहा है।यह प्रयास उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक सिद्ध हो रहा है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
जिले में सड़कों के व्यापक विस्तार से ग्रामीणों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है और इसका सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। राज्य सरकार के इन प्रयासों ने जशपुर को विकास के नए आयाम की ओर अग्रसर किया है।



