CG News: कोरिया बना ई- केवाईसी में छत्तीसगढ़ का पहला जिला, मनरेगा श्रमिकों का 100% ई- केवाईसी पूरा
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले ने ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जिले में मनरेगा के अंतर्गत पंजीकृत सभी श्रमिकों का 100 प्रतिशत ई-केवाईसी पूरा कर लिया गया है, इसके साथ ही कोरिया प्रदेश का पहला जिला बन गया है जिसने निर्धारित समय में यह लक्ष्य हासिल किया.
प्रदेश से बेहतर प्रदर्शन
जिला कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और पंचायत विभाग के संयुक्त प्रयासों से सभी ग्राम पंचायतों में पंजीकृत श्रमिक परिवारों के प्रत्येक सदस्य का आधार आधारित ई-केवाईसी कार्य पूरा किया गया, प्रदेश स्तर पर जहां ई-केवाईसी का औसत लगभग 92 प्रतिशत है, वहीं कोरिया जिले ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर नई मिसाल पेश की है.

तकनीक से बढ़ेगी पारदर्शिता
ग्रामीण विकास योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए अब तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, आधार आधारित ई-केवाईसी के बाद श्रमिकों की दैनिक उपस्थिति ऑनलाइन पोर्टल पर आधार के अनुसार व्यक्ति-वार दर्ज की जाएगी, जिससे योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी.
जिले के श्रमिकों का आंकड़ा
जिले में कुल 80,226 पंजीकृत श्रमिक हैं, इन सभी श्रमिकों का आधार आधारित ई-केवाईसी कार्य ऑनलाइन पोर्टल पर पूर्ण कर लिया गया है, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के हजारों श्रमिकों के परिश्रम का सम्मान है, उन्होंने बताया कि यह पहल ग्रामीण विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेगी.
दोनों जनपद पंचायतों ने पूरा किया लक्ष्य
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेशभर में चल रहे ई-केवाईसी अभियान के तहत सबसे पहले सोनहत जनपद पंचायत ने लक्ष्य पूरा किया और इसके बाद बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत ने भी शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कर लिया, इन दोनों जनपद पंचायतों के प्रयासों से अब कोरिया जिला प्रदेश का पहला 100 प्रतिशत ई-केवाईसी वाला जिला बन गया है.



