Jashpur News: जशपुर में 3.8 लाख पशुओं के टीकाकरण का अभियान शुरू, विधायक रायमुनी भगत ने मोबाइल वेटरनरी यूनिट को किया रवाना
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में किसानों और पशुपालकों की आर्थिक सुरक्षा के लिए बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है, इस अभियान का शुभारंभ विधायक रायमुनी भगत ने पशुपालन विभाग की मोबाइल वेटरनरी यूनिट को हरी झंडी दिखाकर किया, अभियान में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भारत पशुधन एप पर रियल-टाइम डेटा एंट्री की जाएगी, जिससे पूरे अभियान की निगरानी डिजिटल माध्यम से हो सकेगी.

45 दिन तक चलेगा विशेष अभियान
यह विशेष टीकाकरण अभियान 15 मार्च से शुरू होकर 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा, लगभग 3 लाख 80 हजार पशुओं को खतरनाक बीमारियों से सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, अभियान को सफल बनाने के लिए जिले भर में 58 विशेष टीमों का गठन किया गया है, कुल 629 कर्मी, जिनमें विभागीय कर्मचारी और पशु सखी शामिल हैं, गांव-गांव और घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगे.
पशुपालकों से सहयोग की अपील
पशु चिकित्सा सेवाओं के उप संचालक डॉ. महेश सिंह बघेल ने बताया कि खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जिसका सीधा इलाज नहीं है, इसलिए टीकाकरण ही इसका सबसे प्रभावी बचाव है, पशुपालन विभाग ने सुदूर अंचलों के पशुपालकों से अपील की है कि वे टीकाकरण दलों का पूरा सहयोग करें, ताकि जिले को पशु रोगों से मुक्त बनाया जा सके और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके.




