CG News: छत्तीसगढ़ को मिली डीएम कार्डियोलॉजी की 2 सीटें, डॉक्टरों और छात्राओं ने मुख्यमंत्री साय से की मुलाकात
CG News: राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में चिकित्सक संगठन और मेडिकल छात्राओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की, इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ को डीएम कार्डियोलॉजी की दो सीटें मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया.

शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, उन्होंने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों ही सरकार की प्राथमिकता में हैं, ताकि प्रदेशवासियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.

स्वास्थ्य केंद्रों में बढ़ाई जा रही सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, इससे आम लोगों को इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी.
मेडिकल शिक्षा में हुआ बड़ा विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज हुआ करता था, जिसमें लगभग 100 से 150 सीटें थीं, आज छत्तीसगढ़ में 14 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, जिनमें लगभग 1400 सीटें उपलब्ध हैं, इसके अलावा फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और अन्य उच्च शिक्षण संस्थान भी स्थापित किए गए हैं.

नवा रायपुर में बन रही मेडिको सिटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में मेडिको सिटी की स्थापना की जा रही है, जहां बड़े सुपरस्पेशलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे, इससे प्रदेश के लोगों को आधुनिक और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को डीएम कार्डियोलॉजी की दो सीटें प्रदान किए जाने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति भी आभार व्यक्त किया, इस अवसर पर तुलसी कौशिक, डॉ. देवेंद्र कश्यप सहित मेडिकल कॉलेज के कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.



