CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुरू की गौधाम योजना, प्रदेशभर के गौधाम अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के ग्राम लाखासार में गौधाम योजना का शुभारंभ किया, इस दौरान उन्होंने गोमाता की पूजा-अर्चना कर गौधाम परिसर का निरीक्षण किया और वहां मौजूद बेसहारा पशुओं की देखभाल, चारा और पानी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली, यह गौधाम लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है, जिसमें से 19 एकड़ भूमि पर हरे चारे की खेती की जा रही है, इसका संचालन कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किया जा रहा है.

अब सभी गौधाम कहलाएंगे “सुरभि गौधाम”
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के सभी गौधामों को अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाना जाएगा, उनका कहना है कि गोधन भारतीय ग्रामीण संस्कृति और कृषि व्यवस्था का अहम हिस्सा है, इसलिए इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है.

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री के अनुसार गौधाम योजना का उद्देश्य सिर्फ गौसंरक्षण ही नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी है, इन गौधामों में आगे चलकर कई प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं ,
• पशुपालन प्रशिक्षण
• हरे चारे का उत्पादन
• गोबर से उपयोगी उत्पाद बनाना
इससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे.
लाखासार गांव के लिए बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाखासार गांव के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें शामिल हैं ,
• महतारी सदन का निर्माण
• मिनी स्टेडियम की स्थापना
• 500 मीटर लंबा गौरव पथ
• गौधाम में प्रशिक्षण भवन के लिए 25 लाख रुपये
• एक काऊ कैचर और एक पशु एम्बुलेंस की व्यवस्था
इन योजनाओं से क्षेत्र में गौसंरक्षण और ग्रामीण विकास दोनों को गति मिलेगी.
जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है और सरकार अपने वादों को लगातार पूरा कर रही है, वहीं छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल ने इस पहल को गौसंरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया.



