CG News: महतारी वंदन योजना से सामाजिक बदलाव, देवपुर की महिलाओं ने मिलकर बनवाया शिव मंदिर
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक बदलाव का भी माध्यम बन रही है, धमतरी जिला के परियोजना सेक्टर खरेंगा के अंतर्गत आने वाले ग्राम देवपुर की महिलाओं ने इस योजना से मिली राशि का उपयोग कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है.
गांव में मंदिर नहीं होने से थी परेशानी
ग्राम देवपुर में लंबे समय से मंदिर नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए दूसरे गांवों में जाना पड़ता था, विशेष अवसरों पर पूजा करने के लिए गांव के लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता था.
महिलाओं ने लिया सामूहिक निर्णय
गांव की निवासी निर्मला और उनकी साथी महिलाओं ने इस समस्या का समाधान निकालने का फैसला किया, महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही थी, उन्होंने निर्णय लिया कि इस राशि का एक हिस्सा गांव के सामाजिक और धार्मिक कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा.
योजना की राशि से शुरू हुआ मंदिर निर्माण
महिलाओं ने अपनी योजना की राशि को मिलाकर एक सामूहिक निधि तैयार की, इसी निधि से गांव में शिव मंदिर के निर्माण की शुरुआत की गई, इस पहल को गांव के अन्य लोगों का भी भरपूर सहयोग मिला और कुछ ही समय में मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो गया.
गांव में बढ़ी एकता और धार्मिक गतिविधियां
अब देवपुर में भव्य शिव मंदिर स्थापित हो चुका है, मंदिर बनने से ग्रामीणों को पूजा-अर्चना के लिए अपने गांव में ही स्थान मिल गया है, भगवान शिव की पूजा के साथ-साथ महाशिवरात्रि, सावन और अन्य धार्मिक अवसरों पर गांव में सामूहिक आयोजन भी होने लगे हैं.
आसपास के गांवों के लिए बनी प्रेरणा
देवपुर की महिलाओं की यह पहल दिखाती है कि यदि महिलाएं संगठित होकर संकल्प लें तो वे अपने गांव और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं, उनकी यह पहल अब आसपास के गांवों के लिए भी प्रेरणा बन रही है और सामूहिक प्रयास की ताकत का संदेश दे रही है.



