CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को टाटा सिएरा कार भेंट कर किया सम्मानित
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को टाटा सिएरा कार उपहार स्वरूप भेंट की, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है.
विश्व कप जीतने वाली टीम को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि, महिला क्रिकेट टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे देश का सम्मान बढ़ा है, उन्होंने टीम के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए टाटा मोटर्स द्वारा कार उपहार देने की पहल की भी सराहना की.

खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दे रही राज्य सरकार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, खेल अधोसंरचना के विकास से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं.
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से बढ़ रहा खेलों का दायरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से सुदूर क्षेत्रों के युवा भी खेलों से जुड़ रहे हैं, इसके साथ ही नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने से भी प्रदेश में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है.
बेटियों के लिए प्रेरणा बनी आकांक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि, महिला क्रिकेट टीम की यह सफलता प्रदेश की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी, उन्होंने आकांक्षा सत्यवंशी के आत्मविश्वास और ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि यही जज्बा भविष्य में टीम को और बड़ी सफलताएं दिलाएगा.
मुख्यमंत्री का प्रोत्साहन हमेशा देता है हौसला
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी ने कहा कि, विश्व कप जीतकर लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया, उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा उनका मनोबल बढ़ाता है.
टाटा मोटर्स ने दी सिएरा एसयूवी कार
गौरतलब है कि, आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में टाटा मोटर्स द्वारा टीम की खिलाड़ियों को टाटा सिएरा एसयूवी कार उपहार में देने की घोषणा की गई थी, इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की आकांक्षा सत्यवंशी को भी यह कार भेंट की गई.




