CG News: छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट बनेगा नया टूरिज्म हब, 12 एकड़ में बनेगा आधुनिक पर्यटन परिसर
CG News: छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ के नाम से प्रसिद्ध मैनपाट में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है, सरकार ने मैनपाट में 4.80 हेक्टेयर (लगभग 12 एकड़) भूमि अटल विहार योजना के तहत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को आवंटित की है, इस भूमि पर एक आधुनिक और बहुउद्देश्यीय पर्यटन–आवासीय परिसर विकसित किया जाएगा.
आधुनिक पर्यटन–आवासीय परियोजना होगी विकसित
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि, इस भूमि पर जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन परिसर का निर्माण शुरू किया जाएगा, यह परियोजना प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप विकसित की जाएगी ताकि मैनपाट आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती ठहराव की सुविधा मिल सके.

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हुआ निर्णय
अनुराग सिंह देव ने बताया कि, यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में लिया गया है, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रयासों से यह परियोजना संभव हो पाई है, उन्होंने कहा कि, मैनपाट में लगातार बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए इस तरह की सुविधाओं की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी.
वेलनेस सेंटर और आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध
प्रस्तावित परिसर में केरल मॉडल पर आधारित वेलनेस सेंटर, प्राकृतिक पंचकर्म चिकित्सा, हर्बल स्पा और आयुष सेवाओं की सुविधा दी जाएगी, इसके अलावा 24×7 क्लब हाउस, मिलेट्स कैफे, जिम, स्विमिंग पूल, किड्स प्ले एरिया, स्टीम बाथ और एंटरटेनमेंट जोन भी विकसित किए जाएंगे.

पर्यावरण अनुकूल पर्यटन का अनुभव
परियोजना में पर्यावरण के अनुकूल विकास को ध्यान में रखते हुए ट्री हाउस, कॉटेज और स्थानीय संस्कृति को दर्शाने वाला विशेष सांस्कृतिक क्षेत्र भी बनाया जाएगा, इससे पर्यटकों को मैनपाट की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय जीवनशैली का अनुभव मिलेगा.
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ
इस परियोजना से मैनपाट क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होने से पर्यटकों का ठहराव समय भी बढ़ेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मैनपाट छत्तीसगढ़ का उभरता हुआ पर्यटन स्थल है, आधुनिक सुविधाओं के विकास से यह स्थान राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान बनाएगा, वहीं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस परियोजना को राज्य के पर्यटन विस्तार के लिए मील का पत्थर बताया.
मैनपाट के विकास को मिलेगा नया आयाम
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि, यह परियोजना मैनपाट के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की पहचान भी मजबूत होगी.




