CG News: अवैध अफीम की खेती पर सख्त हुए सीएम साय, संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पर सख्त रुख अपनाया है, मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट कहा है कि, प्रदेश में किसी भी स्थिति में अवैध मादक पदार्थों की खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्होंने अधिकारियों को पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

जिलों में होगा व्यापक सर्वे
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद आयुक्त, भू-अभिलेख छत्तीसगढ़ द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं, कलेक्टरों से कहा गया है कि, अपने-अपने जिलों के संवेदनशील और संभावित क्षेत्रों में व्यापक सर्वे कराया जाए, साथ ही 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजने को कहा गया है, जिसमें यह प्रमाणित किया जाएगा कि, जिले में कहीं भी अवैध अफीम की खेती नहीं हो रही है.
दुर्ग जिले में तीन आरोपी गिरफ्तार
हाल ही में दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया था, प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, मौके से बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे जब्त कर नष्ट किए गए और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, साथ ही अवैध कब्जे को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया.
बलरामपुर में 1.47 एकड़ में पकड़ी गई खेती
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम तुर्रीपानी (खजुरी) में राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 1.47 एकड़ जमीन पर की जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया, इस दौरान करीब 18 क्विंटल 83 किलोग्राम अफीम के पौधे जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
अवैध मादक पदार्थों पर जीरो टॉलरेंस नीति
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि, अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण, परिवहन या व्यापार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि, प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




