CG News: छत्तीसगढ़ में शुरू हुई बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026, लाखों उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने योजना से लाभान्वित होने वाले कुछ उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र भी सौंपे और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।
लाखों उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
सरकार की इस पहल से राज्य के करीब 28 लाख 42 हजार बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलने वाली है। योजना के तहत लगभग 757 करोड़ रुपये की आर्थिक राहत दी जाएगी, जिससे लंबे समय से बकाया बिजली बिल से परेशान उपभोक्ताओं को बड़ी मदद मिलेगी।

सरचार्ज और बकाया राशि में छूट
इस योजना के अंतर्गत बिजली बिल पर लगने वाले सरचार्ज को पूरी तरह माफ किया जाएगा। इसके अलावा मूल बकाया राशि में भी 75 प्रतिशत तक की छूट देने का प्रावधान रखा गया है, जिससे उपभोक्ताओं को बकाया राशि चुकाने में आसानी होगी।
किन उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
योजना का लाभ राज्य के विभिन्न वर्गों के उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनमें
• 31 मार्च 2023 तक निष्क्रिय बिजली कनेक्शन वाले उपभोक्ता
• एकल बत्ती कनेक्शनधारी सक्रिय उपभोक्ता
• घरेलू और कृषि श्रेणी के गैर-सरकारी सक्रिय उपभोक्ता
शामिल किए गए हैं।
पंजीयन और भुगतान की व्यवस्था
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पहले पंजीकरण कराना होगा। पंजीयन के समय कुल बकाया राशि का कम से कम 10 प्रतिशत भुगतान करना जरूरी होगा। इसके बाद शेष रकम को किस्तों में जमा करने की सुविधा दी जाएगी और आगे अतिरिक्त सरचार्ज भी नहीं जोड़ा जाएगा।
30 जून 2026 तक लागू रहेगी योजना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 2,931 हितग्राहियों को लगभग 8 करोड़ 79 लाख रुपये की सब्सिडी भी प्रदान की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 36 हजार लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं, सरकार ने इस योजना की समय सीमा 30 जून 2026 तक निर्धारित की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों और जागरूकता अभियानों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक इस योजना की जानकारी पहुंचाई जाए।




